बालू लदे ट्रैक्टर की लापरवाही बनी हादसे की वजह, सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
बसुदेवा थाना क्षेत्र के डुमरांव–विक्रमगंज मुख्य पथ पर बिंदटोली गांव के समीप शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे ने एक बार फिर बालू लदे वाहनों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमने-सामने की इस भीषण टक्कर में एक कार सवार पर एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए, जबकि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नावानगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा बालू लदा ट्रैक्टर अचानक गलत लेन में आ गया, जिससे सामने से आ रही कार को संभलने का मौका नहीं मिल सका।
केटी न्यूज़। नावानगर

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यातायात भी बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही बसुदेवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल नावानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान दिल्ली के करोलबाग निवासी नाजिम, अब्दुल जाफर और अमरुद्दीन के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, कार चालक नाजिम को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य दो की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर बालू लदे ट्रैक्टर और ट्रकों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, लेकिन न तो गति पर नियंत्रण है और न ही ओवरलोडिंग पर कोई सख्ती। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे दोहराए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।