महदह मोड़ पर रफ्तार का कहर, आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक; पिता-पुत्र समेत तीन घायल
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर महदह मोड़ बुधवार की शाम एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बन गया। तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा।

केटी न्यूज/चौसा।
बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग पर महदह मोड़ बुधवार की शाम एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बन गया। तेज रफ्तार से आ रही दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ठोरा गांव निवासी 42 वर्षीय सरोज कुमार अपने 19 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार के साथ बाइक से इजरी गांव स्थित एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। इसी दौरान महदह मोड़ के समीप सामने से बक्सर की ओर जा रहे तुर्कपुरवा गांव निवासी 19 वर्षीय मो. वारिस की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक सरोज कुमार और मो. वारिस के सिर व पेट में गंभीर चोटें आई हैं। सरोज कुमार के पैर में भी चोट लगी है, जबकि अनिल कुमार को भी चोटें आई हैं। हालांकि तीनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।सूचना पर पहुंची पुलिस चौकी प्रभारी गुड्डू चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जानकारी जुटाई। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं और सभी का इलाज चल रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।

