बक्सर में उच्च शिक्षा को नई उड़ान: चार नवस्थापित डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ, अब गांव के करीब मिलेगी स्नातक की पढ़ाई
बक्सर जिले के लिए मंगलवार का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। जिले के चार प्रखंडों चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर में नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुरू हुए इन महाविद्यालयों के संचालन से अब हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।


__ चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर में शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र, डीएम साहिला बोलीं– 'उच्च शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, छात्राओं को मिलेगा सबसे अधिक लाभ'
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर जिले के लिए मंगलवार का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। जिले के चार प्रखंडों चक्की, चौगाई, केसठ और ब्रह्मपुर में नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुरू हुए इन महाविद्यालयों के संचालन से अब हजारों विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। खासकर छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रदेश के कुल 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में एक साथ पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। इसी क्रम में बक्सर जिले के चार नए डिग्री कॉलेजों में भी शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हुई।

जिले का मुख्य उद्घाटन समारोह केसठ प्रखंड के रघुनाथपुर पंचायत स्थित केएचके प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी साहिला ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान उच्च शिक्षा के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।इस अवसर पर जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि "इन नवस्थापित डिग्री महाविद्यालयों के शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों को अपने घर के नजदीक ही स्नातक की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

इससे उच्च शिक्षा में नामांकन बढ़ेगा, छात्राओं की पढ़ाई बीच में छूटने की समस्या कम होगी और जिले के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।"डीएम ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला होती है। बक्सर में चार नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगी, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति देगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को सफल आयोजन और सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये महाविद्यालय आने वाले वर्षों में बक्सर को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कारणों से कोई भी विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे। नए महाविद्यालयों के संचालन से स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक वातावरण को मजबूती मिलेगी और युवाओं का भविष्य अधिक सशक्त होगा।जिले के विभिन्न नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा इसे जिले के लिए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत बताया।

