भागने की कोशिश में धरे गए तीन तस्कर, शराब बरामद
कोरानसराय थाना क्षेत्र में चल रहे नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मुंगांव नहर पुल के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र में चल रहे नियमित वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मुंगांव नहर पुल के पास उस समय हुई जब पुलिस टीम थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।जांच के दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखते ही घबरा गए और अचानक रास्ता बदलकर भागने की कोशिश करने लगे। उनकी इस हरकत से पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद तत्काल पीछा कर तीनों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 750 एमएल व्हिस्की की एक बोतल बरामद हुई, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान मुंगांव निवासी सत्यम सिंह, नागेंद्र कुमार राय और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस बाइक से वे सवार थे, वह सत्यम सिंह की ही है।पुलिस के अनुसार, इलाके में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसी कड़ी में यह कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि शराब के स्रोत और अन्य संभावित संलिप्त लोगों का पता लगाया जा सके।

