प्रभारी मंत्री का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विकास योजनाओं में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

जिले के विकास कार्यों की प्रगति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री तथा बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री नन्दकिशोर राम ने की।

प्रभारी मंत्री का सख्त संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं, विकास योजनाओं में गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता

__ जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में स्वास्थ्य, बिजली, राजस्व, शिक्षा और पेयजल समेत कई विभागों की समीक्षा, एनएचएआई के प्रतिनिधि की अनुपस्थिति पर पृच्छा नोटिस का निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर

जिले के विकास कार्यों की प्रगति और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मंत्री तथा बक्सर जिले के प्रभारी मंत्री नन्दकिशोर राम ने की। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर गहन चर्चा हुई और कई मामलों में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।बैठक में राजपुर विधायक संतोष निराला, डुमरांव विधायक राहुल सिंह, बक्सर विधायक आनंद मिश्रा, विधान परिषद सदस्य, जिला परिषद अध्यक्षा, नगर पंचायत चौसा, इटाढ़ी एवं ब्रह्मपुर के अध्यक्ष सहित समिति के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सदर अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट को शीघ्र चालू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बीएमएसआईसीएल के साथ समन्वय स्थापित कर ऑक्सीजन प्लांट को यथाशीघ्र क्रियाशील बनाया जाए। साथ ही चिकित्सकों के रोस्टर की जांच कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जिले में चिकित्सकों एवं कर्मियों के स्थानांतरण संबंधी मामलों का नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया।बिजली विभाग की समीक्षा में नए विद्युत कनेक्शन के लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने और बिजली बिलों में त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष कैंप आयोजित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया गया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए अपर समाहर्ता को अंचल संबंधी समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया गया। वहीं भूमि सुधार उपसमाहर्ता, बक्सर एवं डुमरांव को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और अंचलों की नियमित जांच करने को कहा गया। प्रभारी मंत्री ने सभी प्रखंडों के महादलित टोलों में भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई तेज करने का निर्देश भी दिया।बैठक के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) पटना प्रभाग के प्रतिनिधि की बिना पूर्व सूचना अनुपस्थिति पर प्रभारी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित अधिकारी को पृच्छा नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही अनुरक्षण अवधि के दौरान सड़कों की जर्जर स्थिति पाए जाने पर संबंधित संवेदकों को काली सूची में डालने की कार्रवाई करने को कहा।

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की समीक्षा में सभी प्रखंडों में पेयजल व्यवस्था की जांच कराने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान बीज उपलब्धता और खाद भंडारण से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। इस पर प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही मध्याह्न भोजन योजना की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने और गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर परिषद बक्सर को शहर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने तथा खुले में मांस बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा प्रस्तावित संयुक्त भवन निर्माण को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का शीघ्र समाधान कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।