टोल प्लाजा पर जाम के बाद पुलिस सख्त, 22 ट्रेलर चालकों पर कार्रवाई
चंदा गांव स्थित टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की सुबह लगे भीषण जाम के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नियम तोड़ने वाले ट्रेलर चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक लेन में दोहरी लाइन बनाकर ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे 22 ट्रक व ट्रेलर चालकों से कुल 1 लाख 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
केटी न्यूज/डुमरांव
चंदा गांव स्थित टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार की सुबह लगे भीषण जाम के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नियम तोड़ने वाले ट्रेलर चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एक लेन में दोहरी लाइन बनाकर ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे 22 ट्रक व ट्रेलर चालकों से कुल 1 लाख 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।जानकारी के अनुसार, भारी वाहनों को एक ही लेन में सिंगल लाइन बनाकर चलने का निर्देश दिया गया है, ताकि छोटे वाहनों का आवागमन प्रभावित न हो।

बावजूद इसके कई चालक जल्दबाजी में दूसरी लाइन बनाकर आगे निकलने का प्रयास करते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित हो जाती है। शुक्रवार को भी गोलंबर के पास ट्रकों की डबल लाइन लगने से लंबी कतार बन गई और घंटों तक वाहन रेंगते रहे।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नया भोजपुर थाना पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 22 ट्रेलर चालकों पर कार्रवाई करते हुए उनसे अर्थदंड वसूला गया और भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी क्षेत्र से बालू लादकर आने वाले भारी वाहन इसी फोरलेन मार्ग से उत्तर प्रदेश की ओर जाते हैं। सीमा पर कागजात व परमिट जांच के कारण पिछले कुछ समय से इस मार्ग पर जाम की समस्या बनी हुई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी और सख्ती जारी रहेगी। वाहन चालकों से निर्धारित लेन में चलने और ओवरटेक से बचने की अपील की गई है।

