चौगाईं में रोजगार सह मार्गदर्शन मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी और स्वरोजगार का सुनहरा अवसर
प्रखंड कार्यालय चौगाईं के समीप जीविका के माध्यम से रोजगार सह मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला द्वारा किया जाएगा।
केटी न्यूज/बक्सर
प्रखंड कार्यालय चौगाईं के समीप जीविका के माध्यम से रोजगार सह मार्गदर्शन मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। यह मेला दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी साहिला द्वारा किया जाएगा।इस रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

जीविका प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई, चौगाईं द्वारा आयोजित इस मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों का पंजीयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही युवाओं को चयन प्रक्रिया के अगले चरण के लिए भी चिन्हित किया जाएगा।जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका बक्सर ने बताया कि इस मेले के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण संस्थानों की जानकारी दी जा रही है। अभ्यर्थी विभिन्न व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान रहने, खाने और प्रशिक्षण की पूरी व्यवस्था निःशुल्क होगी।

इसके अतिरिक्त जिला ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में भी युवाओं का पंजीयन कराया जाएगा।अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव में कौशल रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जीविका की सामुदायिक बैठकों में भी इस मेले की जानकारी दी जा रही है, ताकि जीविका दीदियों के माध्यम से युवाओं तक संदेश पहुंचे।प्रखंड परियोजना प्रबंधक, चौगाईं ने बताया कि इस रोजगार मेले में ग्रामीण गरीब युवक-युवतियां, जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते हों, जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़े परिवार के सदस्य हों या जिन्हें मनरेगा के तहत कम से कम एक वर्ष में 35 दिन का कार्य मिला हो, वे पात्र होंगे।

अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।इस मेले में टाटा मोटर्स, वरुण बेवरेजेज (पेप्सी), कोका-कोला, स्विगी, उत्कर्ष लघु वित्त बैंक, ई-कॉम एक्सप्रेस, एचसीएल, एसआईएस सुरक्षा सेवाएं सहित कई निजी कंपनियां भाग लेंगी। कंपनियों द्वारा साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन किया जाएगा।रोजगार या स्वरोजगार हेतु कौशल प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थी “कौशल पंजी” मोबाइल ऐप (प्ले स्टोर से) डाउनलोड कर या विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, अथवा नजदीकी जीविका कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
