ग्रामीण बेटी लक्ष्मी ने रचा इतिहास, बिहार टॉप-10 में बनाई जगह

साधारण परिवेश से निकलकर असाधारण सफलता हासिल करने वाली गणपति चकनी प्लस टू विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी कुमारी ने बिहार मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में टॉप-10 में जगह बना ली है। लक्ष्मी ने 483 अंक (96.6 प्रतिशत) प्राप्त कर 8वां स्थान हासिल किया है, जिससे विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।

ग्रामीण बेटी लक्ष्मी ने रचा इतिहास, बिहार टॉप-10 में बनाई जगह

__ 483 अंक और 96.6% के साथ हासिल किया 8वां स्थान, क्षेत्र में खुशी की लहर

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

साधारण परिवेश से निकलकर असाधारण सफलता हासिल करने वाली गणपति चकनी प्लस टू विद्यालय की छात्रा लक्ष्मी कुमारी ने बिहार मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे राज्य में टॉप-10 में जगह बना ली है। लक्ष्मी ने 483 अंक (96.6 प्रतिशत) प्राप्त कर 8वां स्थान हासिल किया है, जिससे विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।लक्ष्मी कुमारी एक शिक्षित परिवार से आती हैं। उनके पिता हठीलपुर प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुमन कुमारी गृहिणी हैं। परिवार में शिक्षा और अनुशासन का माहौल ही उनकी सफलता की मजबूत नींव बना।

इस उपलब्धि की खबर मिलते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधीर कुमार सिंह सहित सभी शिक्षक और छात्र-छात्राएं लक्ष्मी की इस सफलता से उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने बताया कि लक्ष्मी शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, अनुशासित और मेहनती रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को उसकी निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया।प्रधानाध्यापक ने कहा कि लक्ष्मी की यह सफलता विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पिछले वर्ष 2025 में भी इसी विद्यालय के छात्र विशाल साह ने राज्य में 9वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया था, जो इस संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है।

लक्ष्मी कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने कहा कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी लक्ष्मी को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लक्ष्मी की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही दिशा और मेहनत से हर सपना साकार किया जा सकता है।