बाढ़ का फैलता दायरा, कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

कर्मनाशा और धर्मावती नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर ने चौसा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति को और गंभीर कर दिया है। गुरुवार को बाढ़ का पानी कई नए इलाकों में फैल गया। चौसा-मोहनिया मुख्य पथ पर दो फीट से अधिक पानी बहने के बावजूद वाहनों की आवाजाही जारी है। वहीं, ग्रामीण सड़कों पर पानी भर जाने से कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है।

बाढ़ का फैलता दायरा, कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा

__चौसा-मोहनिया पथ पर दो फीट से अधिक पानी, घरों तक पहुंचा बाढ़ का पानी; प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई

केटी न्यूज/चौसा

कर्मनाशा और धर्मावती नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर ने चौसा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति को और गंभीर कर दिया है। गुरुवार को बाढ़ का पानी कई नए इलाकों में फैल गया। चौसा-मोहनिया मुख्य पथ पर दो फीट से अधिक पानी बहने के बावजूद वाहनों की आवाजाही जारी है। वहीं, ग्रामीण सड़कों पर पानी भर जाने से कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है।रामपुर पंचायत के तिवाय गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह धर्मावती नदी के पानी में डूब गई है। इससे ग्रामीणों के लिए आवागमन की समस्या खड़ी हो गई है। धर्मपुरा गांव भी चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया है। ग्रामीणों को जरूरी काम के लिए बाहर निकलने में परेशानी हो रही है।

उधर, कर्मनाशा नदी का पानी बनारपुर पंचायत के नए इलाकों में भी फैलने लगा है। पहले वार्ड संख्या नौ की अति पिछड़ा बस्ती प्रभावित हुई थी, अब दलित बस्ती तक पानी पहुंच गया है। कई घरों के आसपास पानी जमा हो गया है, जबकि कुछ मकान भी बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से तिरपाल उपलब्ध कराया जा रहा है।इसी तरह रोहिणीभान से डिहरी गांव जाने वाला ग्रामीण मार्ग भी जलमग्न हो गया है। इससे इस रास्ते पर आवागमन बाधित है। ग्रामीणों को आशंका है कि नदियों का जलस्तर बढ़ता रहा तो अन्य संपर्क मार्ग भी बंद हो सकते हैं।अंचलाधिकारी विजय प्रकाश ने बताया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर नाव उपलब्ध कराने के साथ प्रभावित लोगों को हरसंभव सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।