डुमरांव में भाकपा माले का प्रतिरोध मार्च, कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल

भाकपा माले के राज्यव्यापी प्रतिरोध कार्यक्रम के तहत शनिवार को डुमरांव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था, कथित फर्जी मुठभेड़ों, मॉब लिंचिंग, बुलडोजर कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया।

डुमरांव में भाकपा माले का प्रतिरोध मार्च, कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई पर उठाए सवाल

__ राज्यव्यापी अभियान के तहत निकाला मार्च, फर्जी मुठभेड़ों, मॉब लिंचिंग और लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण की मांग

केटी न्यूज/डुमरांव

भाकपा माले के राज्यव्यापी प्रतिरोध कार्यक्रम के तहत शनिवार को डुमरांव में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रतिरोध मार्च निकालकर कानून-व्यवस्था, कथित फर्जी मुठभेड़ों, मॉब लिंचिंग, बुलडोजर कार्रवाई तथा लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया। मार्च के समापन पर आयोजित सभा में नेताओं ने इन विषयों पर अपनी बातें रखीं और सरकार से न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग की।कार्यक्रम की शुरुआत नया थाना स्थित भाकपा माले जिला कार्यालय में पार्टी के केंद्रीय कमेटी सदस्य एवं अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे कॉमरेड प्रेम सिंह गहलावत के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद नया थाना से स्टेशन रोड, गोला रोड और पुराना थाना होते हुए प्रतिरोध मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मॉब लिंचिंग, कथित फर्जी मुठभेड़ों, बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था के विरोध में नारे लगाए। मार्च पुनः नया थाना पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा की अध्यक्षता नारायण दास ने की, जबकि संचालन धर्मेंद्र सिंह ने किया।सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध नियंत्रण के नाम पर पुलिस द्वारा कानून सम्मत प्रक्रिया का पालन किए बिना कार्रवाई किए जाने की शिकायतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि कथित फर्जी मुठभेड़ों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने नालंदा में हुई मॉब लिंचिंग की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा कि गरीबों की बस्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई और किसानों की जमीन से जुड़े मुद्दों पर सरकार को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और वंचित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। वहीं जिला सचिव नवीन कुमार ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए भाकपा माले जनता के साथ संघर्ष जारी रखेगी और पुलिसिया दमन का विरोध करती रहेगी।सभा को हरेंद्र राम, ललन राम, राजदेव सिंह तथा रामदेव मुखिया समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

वक्ताओं ने मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने, कानून के शासन को प्रभावी बनाने, कथित फर्जी मुठभेड़ों की न्यायिक जांच कराने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।कार्यक्रम में प्रखंड सचिव ललन प्रसाद, जिला कमेटी सदस्य कुश भगवान, रेखा देवी, कृष्णा राम, संजय शर्मा, प्रभुनाथ पाल, शंकर तिवारी, मुंशी पासवान, जाबिर कुरैशी, सर्वेश पांडेय, रास बिहारी पासवान, दीपु कुमार, हीरालाल पासवान, शैलेंद्र पासवान, रवि रंजन सिंह, प्रभात कुमार, अरविंद यादव, प्रेमचंद, मनोज राम, रिंकू कुरैशी तथा आइसा छात्र नेता विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।