जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड प्रशिक्षकों को मिला जिला स्तरीय प्रशिक्षण

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए दो मई से 31 मई तक चलने वाले मकान गणना अभियान को लेकर फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड प्रशिक्षकों को मिला जिला स्तरीय प्रशिक्षण

__ 6 से 17 अप्रैल तक प्रगणक व पर्यवेक्षकों को मिलेगा प्रशिक्षण, 17 अप्रैल से शुरू होगा स्व-गणना पोर्टल

केटी न्यूज/बक्सर

भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए दो मई से 31 मई तक चलने वाले मकान गणना अभियान को लेकर फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मियों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।इसी क्रम में जिले के 11 प्रखंडों एवं 5 नगर निकायों के चार्ज स्तर पर नामित कुल 72 फील्ड प्रशिक्षकों को जिला स्तर पर दो चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च तथा 26 से 28 मार्च तक आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर अरविंद कुमार सिंह, निदेशक डीआरडीए बक्सर एवं हेमंत कुमार चौबे, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, इटाढ़ी द्वारा फील्ड प्रशिक्षकों को विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना के प्रथम चरण में मकानों के सूचीकरण और गणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को फील्ड प्रशिक्षकों तक स्पष्ट रूप से पहुंचाना था, ताकि वे आगे प्रगणकों (गणना कर्मियों) और पर्यवेक्षकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार पटना द्वारा जर्नादन प्रसाद राय को प्रतिनियुक्त किया गया था। उनके निर्देशन में प्रशिक्षण सत्र सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुआ।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर जिला जनगणना कोषांग के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। इस दौरान अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने फील्ड प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्रशिक्षकों द्वारा दी गई जानकारी से वे संतुष्ट नजर आए और उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चरणों में भी कार्य सुचारु रूप से संपन्न होगा।फील्ड प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण के बाद अब अगला चरण प्रगणकों और पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का है। यह प्रशिक्षण चार्ज स्तर पर 6 अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अधिकतम चार बैच में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा, ताकि सभी संबंधित कर्मियों को पूरी तरह से प्रशिक्षित किया जा सके।

जनगणना प्रक्रिया को और अधिक सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से इस बार स्व-गणना की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इसके तहत 17 अप्रैल से नागरिकों के लिए स्व-गणना पोर्टल प्रारंभ किया जाएगा। इस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपने परिवार से संबंधित जानकारी दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना की यह प्रक्रिया 1 मई तक जारी रहेगी।प्रशासन का मानना है कि स्व-गणना की सुविधा से लोगों की भागीदारी बढ़ेगी और आंकड़ों की सटीकता में भी सुधार होगा। साथ ही इससे गणना कर्मियों पर कार्य का दबाव भी कम होगा।जिला प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्व-गणना पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करें और जनगणना कार्य में सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले के विकास की योजनाओं के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध हो सकें।