आपसी विवाद में टहलने गए युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

आपसी विवाद में टहलने गए युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
जख्मी युवक

केटी न्यूज/ डुमरांव

गुरुवार की अहले सुबह डुमरांव थाना क्षेत्र के लाखनडीहरा गांव के पास पुराने विवाद में अपराधियों ने मॉर्निंग वॉक करने गए एक युवक को गोली मार दी है। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे रेफर कर दिया गया है। जख्मी युवक लाखनडीहरा के सुरेश यादव का 22 वर्षीय पुत्र जितेंद्र यादव है। जबकि आरोपी भी उसी गांव के रहने वाले हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार वह हर दिन की तरह सुबह में दौड़ने के लिए गांव से पूरब मुख्य सड़क पर गया था। करीब पांच बजे के आस पास आरोपियों ने जान मारने की नियत से उस पर गोली चला दी। गोली उसके सर और गर्दन के आसपास से छूते हुए निकल गई है। बावजूद उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसकी जानकारी मिलते हैं स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच जख्मी के इलाज तथा आरोपियों की घर पकड़ में जुट गई है। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

डुमराव थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया पुराने विवाद में उसे गोली मारी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।  वैसे सूत्रों की माने तो कुछ दिन पहले दोनो पक्षों में खेत की पटवन के लिए तार खींचने को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना को उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।