जनता दरबार में गूंजीं जमीन, विकास और जनसुविधाओं की समस्याएं

जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याओं को लेकर खासा जमावड़ा देखने को मिला। जिलाधिकारी साहिला ने सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनता दरबार में गूंजीं जमीन, विकास और जनसुविधाओं की समस्याएं

--डीएम साहिला ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश, 26 मामलों की हुई सुनवाई

केटी न्यूज/बक्सर

जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याओं को लेकर खासा जमावड़ा देखने को मिला। जिलाधिकारी साहिला ने सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।जन सुनवाई कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। इस दौरान कुल 26 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे।

प्राप्त आवेदनों में 10 मामले भूमि एवं राजस्व विवाद, 8 विकास योजनाओं तथा शेष 8 अन्य विभागों से संबंधित थे।जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने जमीन मापी, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सड़क, नाली, आवास योजना और विभिन्न सरकारी योजनाओं में लंबित कार्यों को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।डीएम साहिला ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर राहत मिले।जन सुनवाई के दौरान फरियादियों को यह भरोसा दिलाया गया कि उनकी शिकायतों का निष्पक्ष और प्रभावी समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश देने का प्रयास किया कि सरकार और प्रशासन आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।