मोबाइल की लत सेहत पर पड़ रही भारी, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी गई सीख

बदलती जीवनशैली, मोबाइल का बढ़ता इस्तेमाल और शारीरिक गतिविधियों में कमी आज लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाना बेहद जरूरी है। मोबाइल और इयरफोन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है।

मोबाइल की लत सेहत पर पड़ रही भारी, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी गई सीख

__ आरोग्य भारती की संगोष्ठी में डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने छात्राओं को किया जागरूक, खानपान और नियमित व्यायाम को बताया स्वस्थ जीवन का आधार

केटी न्यूज/डुमरांव।

बदलती जीवनशैली, मोबाइल का बढ़ता इस्तेमाल और शारीरिक गतिविधियों में कमी आज लोगों के स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में स्वस्थ रहने के लिए दिनचर्या में सकारात्मक बदलाव लाना बेहद जरूरी है। मोबाइल और इयरफोन का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है। यह बातें भारत सरकार के पूर्व आयुष सलाहकार एवं आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय ने कहीं। वे शनिवार को डुमरांव स्थित महारानी ऊषा रानी बालिका +2 उच्च विद्यालय में आरोग्य भारती की ओर से आयोजित स्वस्थ जीवनशैली विषयक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

छात्राओं को संबोधित करते हुए डॉ. वार्ष्णेय ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण आधार हैं। इसके लिए अपनी जीवनशैली को व्यवस्थित करना होगा। संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या अपनाकर कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल और इयरफोन का अनावश्यक इस्तेमाल कम करने तथा स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती पूरे देश में स्वास्थ्य जागरण का अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

छात्राओं के बीच आयोजित इस संगोष्ठी को कम उम्र से ही स्वास्थ्य संबंधी अच्छी आदतें विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ हुआ। आरोग्य भारती के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण प्रभाकर ने संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन प्रांत सचिव डॉ. गुरु शरण ने किया, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य रवि प्रकाश ने धन्यवाद ज्ञापन किया।इस अवसर पर आरोग्य भारती के प्रांत सह सचिव डॉ. भास्कर मिश्रा सहित सोनू कुमार, सुनील कुमार, अजय राय और अजय उपाध्याय मौजूद रहे।