पांच दिन की हड़ताल के बाद खुला एसएफसी गोदाम, आज से शुरू होगा अनाज उठाव

सिमरी प्रखंड के राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम में खाद्यान्न की कथित घटतौली और इलेक्ट्रॉनिक कांटे में रिमोट के जरिए गड़बड़ी के आरोपों को लेकर पांच दिनों से जारी पीडीएस दुकानदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई। प्रशासन की जांच और कार्रवाई के भरोसे के बाद डीलर संघ ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है।

पांच दिन की हड़ताल के बाद खुला एसएफसी गोदाम, आज से शुरू होगा अनाज उठाव

__ घटतौली के आरोपों पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने गठित की चार सदस्यीय जांच कमेटी; दोषी मिले तो ट्रांसपोर्टर से लेकर जिम्मेदार कर्मियों तक पर होगी कार्रवाई

केटी न्यूज/सिमरी।

सिमरी प्रखंड के राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम में खाद्यान्न की कथित घटतौली और इलेक्ट्रॉनिक कांटे में रिमोट के जरिए गड़बड़ी के आरोपों को लेकर पांच दिनों से जारी पीडीएस दुकानदारों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई। प्रशासन की जांच और कार्रवाई के भरोसे के बाद डीलर संघ ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब शनिवार से गोदाम से खाद्यान्न का उठाव शुरू होगा। इससे जनवितरण प्रणाली के तहत लाभुकों को अनाज मिलने का रास्ता साफ हो गया है।हड़ताल की अध्यक्षता नर्देश्वर उपाध्याय ने की। डीलर संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र तिवारी ने कहा कि केवल एजीएम और फोरजी को हटाना पर्याप्त नहीं है। घटतौली के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने खाद्यान्न परिवहन में लगे ट्रांसपोर्टरों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की।

__ एमओ ने भी माना, कम मिल रहा था अनाज

हड़ताल के दौरान एसएफसी के जिला प्रबंधक नरेंद्र कुमार टीम के साथ गोदाम पहुंचे। स्थानीय एमओ प्रीति अरोड़ा की मौजूदगी में डीलरों ने अपनी शिकायतें रखीं। एमओ ने जिला प्रबंधक के सामने स्वीकार किया कि डीलरों द्वारा कई बार कम खाद्यान्न मिलने की शिकायत की गई थी। हाल में डीलरों के सामने तौल कराने पर भी वजन कम पाया गया था। उन्होंने बताया कि पूर्व एजीएम को बैठकों में व्यवस्था सुधारने की हिदायत दी गई थी।

__ चार सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए डुमरांव एसडीएम राजीव कुमार ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित की है। इसमें बीडीओ, सीओ सिमरी, अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी और तकनीकी टीम शामिल है। टीम को 24 घंटे के भीतर स्थल निरीक्षण कर शिकायतकर्ता के वीडियो, साक्ष्य और तकनीकी तथ्यों की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।जिला प्रबंधक ने डीलरों को भरोसा दिया कि कंप्यूटरयुक्त कांटे और रिमोट से जुड़ी शिकायतों की गहन जांच होगी। जांच में ट्रांसपोर्टर, एजीएम या कोई अन्य कर्मी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब जांच रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।