51 हजार पार्थिव शिवलिंग, 251 जोड़ों ने किया महारुद्राभिषेक, गूंजा हर-हर महादेव

सावन की भक्ति और आस्था से सराबोर डुमरांव के बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर में रुद्रसागर सेवा संस्थान की ओर से सावन महोत्सव के तहत महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर 251 जोड़ों ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।

51 हजार पार्थिव शिवलिंग, 251 जोड़ों ने किया महारुद्राभिषेक, गूंजा हर-हर महादेव

__ बाबा जंगलीनाथ मंदिर में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन, छप्पन भोग व भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

केटी न्यूज/डुमरांव।

सावन की भक्ति और आस्था से सराबोर डुमरांव के बाबा जंगलीनाथ महादेव मंदिर में रुद्रसागर सेवा संस्थान की ओर से सावन महोत्सव के तहत महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों की स्थापना कर 251 जोड़ों ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा परिसर गूंजता रहा।

महारुद्राभिषेक का आयोजन आचार्य विंध्याचल ओझा की अगुआई में 11 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया। आचार्य संजीव मिश्रा, आचार्य रोहित ओझा, आचार्य शशि तिवारी और आचार्य शांतनु मिश्रा समेत अन्य आचार्यों ने धार्मिक अनुष्ठान को विधिपूर्वक संपन्न कराया। सावन के पावन महीने में आयोजित इस अनुष्ठान को देखने और इसमें शामिल होने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सैकड़ों महिला, पुरुष और बच्चे घंटों मंदिर परिसर में मौजूद रहे।

__ छप्पन भोग और भंडारे में उमड़ी भीड़

इस वर्ष महारुद्राभिषेक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद के रूप में छप्पन भोग की विशेष व्यवस्था की गई थी। रुद्राभिषेक के समापन के बाद आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डुमरांव राज परिवार के शिवांग विजय सिंह ने महारुद्राभिषेक में भाग लिया और बाबा जंगलीनाथ महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना की। अतिथियों में कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन, डॉ. विनोद प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल रहे।

आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के सचिव रविशंकर चौबे, अध्यक्ष बालकृष्ण चौबे, संस्थापक सदस्य सह सामाजिक कार्यकर्ता राजीव रंजन सिंह, व्यवस्थापक संजय चौबे, रिन्टू चौबे, पूर्व मुखिया तेज नारायण ओझा, सुभाष मिश्रा, सोनू सिंह, राजेश सैनी, कुंदन सिंह, अभिषेक तिवारी मोनू, अजीत पाण्डेय, हिमांशु पाठक, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि भुटेली सिंह और मदन चौबे समेत अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।