हड़ताल खत्म, सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी, युद्धस्तर पर शुरू हुआ कचरा उठाव
डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में कई दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शुक्रवार से शहर में कचरा उठाव का काम तेज कर दिया गया। लंबे समय से जगह-जगह जमा कचरे के कारण परेशान शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली।

__आवासीय इलाकों में जमा कचरे को प्राथमिकता से हटाने का निर्देश, सभी वार्डों में फॉगिंग और ब्लीचिंग पर जोर
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में कई दिनों से ठप पड़ी सफाई व्यवस्था अब धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी है। सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद शुक्रवार से शहर में कचरा उठाव का काम तेज कर दिया गया। लंबे समय से जगह-जगह जमा कचरे के कारण परेशान शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली। हड़ताल समाप्ति के बाद सफाई कर्मियों और एनजीओ कर्मियों ने जुलूस निकालकर इसकी औपचारिक घोषणा की।सफाई व्यवस्था बहाल होते ही नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने पूरे शहर में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने सफाई एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि आवासीय क्षेत्रों और विभिन्न मोहल्लों में जहां भी कचरे का ढेर लगा है, वहां प्राथमिकता के आधार पर तत्काल कचरा उठाव कराया जाए।

इसके लिए पूरे दिन अभियान चलाने को कहा गया है, ताकि हड़ताल के दौरान जमा हुए कचरे को जल्द से जल्द हटाया जा सके।बरसात के मौसम में गंदगी और जलजमाव से संक्रमण का खतरा बढ़ने को देखते हुए नगर परिषद ने सफाई के साथ-साथ ब्लीचिंग और फॉगिंग को भी अभियान में शामिल किया है। ईओ ने निर्देश दिया कि कचरा उठाव के बाद संबंधित स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए।वहीं, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सभी वार्डों में रोस्टर के अनुसार फॉगिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया है। नगर परिषद का लक्ष्य हड़ताल के कारण बिगड़ी सफाई व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करना है। शुक्रवार से सड़कों, चौक-चौराहों और मोहल्लों में जमा कचरे का उठाव शुरू होने से शहर की तस्वीर बदलने लगी है।

