21 साल की सेवा, फिर भी नहीं नियमित मानदेय; पशु टीकाकर्मियों ने खोला मोर्चा

करीब दो दशक से अधिक समय से पशु स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे पशु टीकाकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। पशु रक्षा टीकाकर्मी संघ के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पशु मैत्री एवं टीकाकर्मियों ने सरकार से नियमित मासिक मानदेय, समूह जीवन बीमा और लंबित पारिश्रमिक के शीघ्र भुगतान की मांग उठाई।

21 साल की सेवा, फिर भी नहीं नियमित मानदेय; पशु टीकाकर्मियों ने खोला मोर्चा

__ बकाया भुगतान, मासिक मानदेय और समूह बीमा की मांग को लेकर जिला पशुपालन कार्यालय पर दिया धरना, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

केटी न्यूज/बक्सर :

करीब दो दशक से अधिक समय से पशु स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे पशु टीकाकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। पशु रक्षा टीकाकर्मी संघ के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे पशु मैत्री एवं टीकाकर्मियों ने सरकार से नियमित मासिक मानदेय, समूह जीवन बीमा और लंबित पारिश्रमिक के शीघ्र भुगतान की मांग उठाई।धरना की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष विनोद कुमार राकेश ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पिछले 21 वर्षों से पशु टीकाकर्मी विभाग के निर्देशानुसार पशुओं के टीकाकरण, संक्रामक रोगों की रोकथाम, पशु स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों और अन्य विभागीय कार्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद आज तक उन्हें नियमित मानदेय की व्यवस्था नहीं मिल सकी है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट लगातार गहराता जा रहा है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पशुओं के बीच कार्य करने के दौरान टीकाकर्मियों को कई तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी कर्मियों को समूह जीवन बीमा का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही पूर्व में किए गए टीकाकरण कार्य और पशु गणना से संबंधित लंबित पारिश्रमिक का तत्काल भुगतान किया जाए।धरना के दौरान वक्ताओं ने सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक बनाया जाएगा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह, जिला सचिव सुभाष चंद्र चौधरी, सत्यदेव सिंह सहित जिले के सभी प्रखंडों के पशु टीकाकर्मियों ने भाग लेकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया।