गाजे-बाजे के साथ निकली गणिनाथ बाबा की भव्य शोभायात्रा, जयकारों से गूंजा नावानगर
स्थानीय गांव में शनिवार को मधेशिया समाज की ओर से संत शिरोमणि गणिनाथ बाबा का महोत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। महोत्सव को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। पूजा समिति के अध्यक्ष अन्नत साह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


केटी न्यूज। नावानगर
स्थानीय गांव में शनिवार को मधेशिया समाज की ओर से संत शिरोमणि गणिनाथ बाबा का महोत्सव धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। महोत्सव को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। पूजा समिति के अध्यक्ष अन्नत साह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गणिनाथ बाबा की प्रतिमा के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर लोगों ने सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। महोत्सव का मुख्य आकर्षण घोड़े, रथ और गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा रही। शोभायात्रा नावानगर हाईस्कूल मैदान से शुरू होकर डुमरांव-विक्रमगंज पथ, नावानगर बाजार एवं आसपास के गांवों का भ्रमण करते हुए पुनः हाईस्कूल मैदान पहुंची।

जुलूस में शामिल श्रद्धालु जय गणिनाथ और हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। शोभायात्रा के दौरान बनारस से आए कलाकारों ने गणेश वंदना, भगवान श्रीकृष्ण के जन्म सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का मनोरंजन किया। इसके बाद समिति की ओर से भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। राधा-कृष्ण की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रही। समिति के सदस्यों ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव के तहत रविवार 13 सितंबर को शिवचर्चा के बाद शाम में भोजपुरी बिरहा गायन कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र प्रसाद एवं अजय गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, अंबुज गुप्ता, धनंजय गुप्ता, सचिव मोनू गुप्ता, प्रिंस गुप्ता समेत कई लोगों की सक्रिय भूमिका रही।

