जनता की चौखट पर पुलिस: चौसा में त्वरित समाधान की पहल, तीन मामलों में केस दर्ज

आम लोगों की शिकायतों का मौके पर निपटारा करने की दिशा में चौसा के मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम प्रभावी साबित हुआ। निर्धारित तिथि पर आयोजित इस पहल में विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने मारपीट, पारिवारिक कलह और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।

जनता की चौखट पर पुलिस: चौसा में त्वरित समाधान की पहल, तीन मामलों में केस दर्ज

केटी न्यूज/चौसा

आम लोगों की शिकायतों का मौके पर निपटारा करने की दिशा में चौसा के मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम प्रभावी साबित हुआ। निर्धारित तिथि पर आयोजित इस पहल में विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने मारपीट, पारिवारिक कलह और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।कार्यक्रम में थानाध्यक्ष शम्भू भगत ने स्वयं उपस्थित रहकर एक-एक मामले की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

कई मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई, जिससे आपसी समझ बढ़ी और कुछ पारिवारिक विवाद सहमति से सुलझा लिए गए।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छोटे विवाद समय पर सुलझा लिए जाएं तो बड़े टकराव से बचा जा सकता है। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त जांच की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित अभिलेखों की जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मारपीट और अन्य गंभीर मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।थानाध्यक्ष ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं समाधान की कोशिश करने के बजाय पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई हो सके। जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखा गया और लोगों ने इसे भरोसा बढ़ाने वाली पहल बताया।