अग्नि सुरक्षा सप्ताह के समापन पर बच्चों में जागरूकता की अलख, गैस एजेंसियों में भी मॉकड्रिल
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत विभिन्न संस्थानों में विशेष आयोजन किए गए। इस अवसर पर फाउंडेशन स्कूल डुमरांव में बच्चों एवं छात्राओं के बीच अग्नि सुरक्षा जागरूकता को लेकर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए मॉकड्रिल भी कराया गया।

__ “सतर्कता और समय पर तैयारी से ही अग्निकांड पर पाया जा सकता है नियंत्रण” : शिखा कुमारी
केटी न्यूज/डुमरांव
अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत विभिन्न संस्थानों में विशेष आयोजन किए गए। इस अवसर पर फाउंडेशन स्कूल डुमरांव में बच्चों एवं छात्राओं के बीच अग्नि सुरक्षा जागरूकता को लेकर निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी देने के लिए मॉकड्रिल भी कराया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़े संदेशों को पोस्टर तथा निबंध के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 बच्चों को अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी डुमरांव शिखा कुमारी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

प्रतियोगिता में अवि कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अन्य सफल प्रतिभागियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित मॉकड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने बच्चों को बताया कि आग लगने पर घबराने के बजाय तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाना चाहिए, बिजली के मुख्य स्विच को बंद करना चाहिए तथा तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना देनी चाहिए। बच्चों को प्राथमिक अग्निशमन यंत्रों के उपयोग की भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी शिखा कुमारी ने कहा कि “अग्निकांड की घटनाएं अधिकतर लापरवाही के कारण होती हैं।

यदि लोग पहले से सतर्क रहें और सुरक्षा मानकों का पालन करें तो बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। बच्चों में जागरूकता फैलाना इसलिए जरूरी है, क्योंकि वे समाज में सुरक्षा संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन सकते हैं।”उन्होंने कहा कि “गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में घरों, स्कूलों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। गैस सिलेंडर, बिजली वायरिंग और ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में लापरवाही नहीं करनी चाहिए।”इसी क्रम में डुमरांव क्षेत्रांतर्गत एचपी गैस एजेंसी नवानगर तथा इंडेन ग्रामीण वितरक गैस एजेंसी में भी मॉकड्रिल आयोजित किया गया।

इस दौरान गैस एजेंसी संचालकों एवं कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, गैस रिसाव रोकने के उपाय तथा ग्राहकों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।अग्निशमालय पदाधिकारी ने गैस एजेंसी मालिकों को निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में सुरक्षा उपकरणों को हमेशा चालू अवस्था में रखें, अग्निशमन यंत्रों की नियमित जांच कराएं तथा कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देते रहें। कार्यक्रम के समापन पर लोगों से अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई।

