30 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर सफाईकर्मियों ने तेज की तैयारी, सरकार पर लगाया मजदूर विरोधी नीतियों का आरोप

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू संबद्ध) एवं बिहार लोकल बॉडीज फेडरेशन के संयुक्त आह्वान पर 30 जुलाई से प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए मंगलवार को डुमरांव में सफाईकर्मियों की तैयारी बैठक आयोजित की गई।

30 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर सफाईकर्मियों ने तेज की तैयारी, सरकार पर लगाया मजदूर विरोधी नीतियों का आरोप

केटी न्यूज/डुमरांव।

बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू संबद्ध) एवं बिहार लोकल बॉडीज फेडरेशन के संयुक्त आह्वान पर 30 जुलाई से प्रस्तावित राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए मंगलवार को डुमरांव में सफाईकर्मियों की तैयारी बैठक आयोजित की गई। नगर के भाकपा (माले) जिला कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता महासंघ के स्थानीय सचिव कॉमरेड शिवशंकर तिवारी ने की।बैठक की शुरुआत प्रख्यात मजदूर नेता स्वर्गीय कॉमरेड आर.एन. ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद प्रस्तावित हड़ताल की रणनीति, विभिन्न मांगों तथा जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियां लगातार मजदूर एवं कर्मचारियों के हितों की उपेक्षा कर रही हैं, जिसके विरोध में राज्यभर के सफाईकर्मी 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर हैं।बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद डुमरांव के सफाईकर्मी आम नागरिकों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इसके तहत नगर क्षेत्र के प्रत्येक घर तक एक अपील-पत्र पहुंचाकर हड़ताल के कारणों, कर्मचारियों की मांगों और सरकार के प्रति अपनी नाराजगी से लोगों को अवगत कराया जाएगा। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि आम जनता उनके आंदोलन को समर्थन देगी और उनकी समस्याओं को समझेगी।

बैठक में मौजूद नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई नहीं, बल्कि सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों और श्रमिक हितों की रक्षा का भी अभियान है। उन्होंने सभी सफाईकर्मियों से एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया।बैठक में मजदूर नेता भगवान पासवान, नगर सचिव कृष्णा राम, जाबिर कुरैशी, संजय कुमार सिंह, दीपक बस्फोर, मिथिलेश राम, परमिला सहित नगर परिषद के बड़ी संख्या में कार्यरत सफाईकर्मी उपस्थित रहे।