एसपी शुभम आर्य ने फीता काटकर किया नैनीजोर थाना के नए भवन का उद्घाटन
करीब चार दशक से पंचायत भवन में चल रहे नैनीजोर थाना को आखिरकार उसका अपना आधुनिक आशियाना मिल गया। वर्ष 1989 के आसपास से पंचायत भवन में संचालित हो रहा थाना गुरुवार को नए मॉडल थाना भवन में शिफ्ट हो गया।


__ पुलिसकर्मियों और आम लोगों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।
करीब चार दशक से पंचायत भवन में चल रहे नैनीजोर थाना को आखिरकार उसका अपना आधुनिक आशियाना मिल गया। वर्ष 1989 के आसपास से पंचायत भवन में संचालित हो रहा थाना गुरुवार को नए मॉडल थाना भवन में शिफ्ट हो गया। नए भवन के उद्घाटन के साथ ही नैनीजोर पुलिस के 37 वर्षों के लंबे इंतजार का अंत हुआ और थाना अब आधुनिक पुलिसिंग की सुविधाओं से लैस नए परिसर से संचालित होगा।गुरुवार की शाम करीब पांच बजे पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने फीता काटकर नए थाना भवन का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह को लेकर पूरे थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रंग-बिरंगी सजावट और रोशनी से सजा नया भवन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। ऐसा लग रहा था मानो नए भवन के स्वागत में पूरा थाना परिसर दुल्हन की तरह सजाया गया हो।थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने एसपी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने बुके व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। एसपी ने नए भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा पुलिसकर्मियों से आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

__आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा थाना
नए मॉडल थाना भवन में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। भवन में थानाध्यक्ष कार्यालय, आगंतुक कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, महिला एवं पुरुष हाजत, जनरल ऑफिस, बच्चा एवं महिला कक्ष, संतरी कक्ष समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने के साथ ही फरियाद लेकर थाना पहुंचने वाले लोगों को भी पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाएं मिलेंगी।उद्घाटन के दौरान एसपी शुभम आर्य ने कहा कि नैनीजोर थाना लंबे समय से पंचायत भवन में संचालित हो रहा था। सीमित संसाधनों और भवन की कमी के कारण पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को कार्य करने में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब आधुनिक भवन उपलब्ध होने से पुलिसिंग को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन में जुटे क्षेत्र के गणमान्य लोग
समारोह में डुमरांव डीएसपी समीर कुमार सिंह, अंचल निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, ब्रह्मपुर थाना निरीक्षक विक्रांत सिंह, नैनीजोर थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बैठा समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं महुआर पंचायत के पूर्व मुखिया ललन सिंह यादव, मुखिया प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, पूर्व मुखिया राजकिशोर प्रसाद, भाजपा नेता धनंजय पांडेय, श्रीभगवान तिवारी समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने नए थाना भवन के उद्घाटन पर खुशी जताई।नए भवन में थाना के प्रवेश के साथ नैनीजोर पुलिस के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। पंचायत भवन से शुरू हुआ 37 वर्षों का सफर अब आधुनिक मॉडल थाना भवन तक पहुंच गया है।

