रामपुर वार्ड-3 में जर्जर नाली से सड़क पर बह रहा पानी, बीडीओ ने किया निरीक्षण
प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 में मुख्य सड़क पर जर्जर नाली से पानी बहने की समस्या को लेकर सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने स्थल का निरीक्षण किया। यह नाली शशिकांत पासवान के घर के पास स्थित है, जहां लंबे समय से नाली की खराब स्थिति और उसमें जमा कूड़ा-करकट के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस वजह से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है।

केटी न्यूज/केसठ ।
प्रखंड के रामपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-3 में मुख्य सड़क पर जर्जर नाली से पानी बहने की समस्या को लेकर सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार सौरभ ने स्थल का निरीक्षण किया। यह नाली शशिकांत पासवान के घर के पास स्थित है, जहां लंबे समय से नाली की खराब स्थिति और उसमें जमा कूड़ा-करकट के कारण पानी सड़क पर फैल जाता है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस वजह से राहगीरों और ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। खासकर सुबह और शाम के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जबकि दोपहर में गर्मी के कारण कुछ हद तक पानी सूख जाता है।

ग्रामीण शशिकांत पासवान, जय कुंडल पासवान, हरी मंगल पासवान समेत अन्य लोगों ने बताया कि समस्या कई महीनों से बनी हुई है और यह मुख्य सड़क होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीडीओ ने स्थिति का जायजा लेते हुए कहा कि फिलहाल नाली की व्यापक सफाई बेहद जरूरी है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों को तत्काल नाली की सफाई कराने के निर्देश देने की बात कही, ताकि लोगों को राहत मिल सके।निरीक्षण के दौरान बीडीसी मंजू कुमारी को भी समस्या के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया। साथ ही आसपास पीएचईडी द्वारा लगाए गए टूटे हुए नल का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित विभाग को इसकी सूचना देने की बात कही गई।

