मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी के 23 मई को प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया तथा दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


--वामन मंदिर व रामेश्वरनाथ मंदिर में करेंगे पूजा-अर्चना, रामरेखा घाट के ध्वनि एवं प्रकाश शो का होगा उद्घाटन
केटी न्यूज/बक्सर
मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी के 23 मई को प्रस्तावित बक्सर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया तथा दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा विस्तृत रूट प्लान भी जारी किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री किला मैदान से होकर भगवान वामन मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित बाबा रामेश्वरनाथ मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे। इसी दौरान मुख्यमंत्री द्वारा रामरेखा घाट पर तैयार ध्वनि एवं प्रकाश शो का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिसे जिले के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष शाखा के पुलिस उपाधीक्षक के साथ समन्वय स्थापित कर एएसएल की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान आमजनों की फ्रिस्किंग की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री अंदर न जा सके।

स्टैटिक सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया है। टीम के सदस्य वाहनों की जांच के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को 23 मई को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्यक्रम समाप्ति अथवा स्थिति सामान्य होने तक अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।वहीं, जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा शाखा भवन में संचालित रहेगा। इसका दूरभाष संख्या 06183-223333 जारी किया गया है। नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी कुमार नचिकेता एवं ग्रामीण विकास पदाधिकारी मो. मोहम्मद नाजीस को सौंपी गई है।

