मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी अब छात्रों के कंधों पर, निर्वाचन साक्षरता क्लब के जरिए दिया गया लोकतंत्र का पाठ

प्रखंड के रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय, तियरा में सोमवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई।

मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी अब छात्रों के कंधों पर, निर्वाचन साक्षरता क्लब के जरिए दिया गया लोकतंत्र का पाठ

केटी न्यूज/राजपुर :

प्रखंड के रघुवंशी कुंवरी प्लस टू विद्यालय, तियरा में सोमवार को निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान की प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें।कार्यक्रम में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मैनरुल शेख ने कहा कि भारत में सभी चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से भारत निर्वाचन आयोग की देखरेख में कराए जाते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों की मतदान में भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अब वर्ष में चार बार जनवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्टूबर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने या संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

बीडीओ मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद प्रत्येक भारतीय नागरिक को मतदान का अधिकार प्राप्त होता है। उन्होंने छात्रों से निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिया। छात्रों ने भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के बाद मतदान प्रक्रिया में भाग लेने की इच्छा जताई।अवर निर्वाचन पदाधिकारी दीपांकर कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। आवश्यक जन्म संबंधी दस्तावेजों के आधार पर आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य केवल छात्रों ही नहीं, बल्कि ग्रामीण समाज को भी मतदान के प्रति जागरूक करना है।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय को मॉडल स्कूल बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता के साथ डिजिटल शिक्षण व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। कार्यक्रम में बीपीआरओ अभिषेक पाठक, शिक्षक श्यामनारायण ठाकुर, अजीत सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।