बहुजन महापंचायत को लेकर कुशवाहा महासभा ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित लालबिहारी मैदान में आगामी पांच जुलाई को आयोजित होने वाली बहुजन महापंचायत को सफल बनाने को लेकर सामाजिक संगठनों ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के धोबी घाट मोहल्ले में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा की बैठक आयोजित की गई।

__ जगदीशपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लिया संकल्प
केटी न्यूज/बक्सर
भोजपुर जिले के जगदीशपुर स्थित लालबिहारी मैदान में आगामी पांच जुलाई को आयोजित होने वाली बहुजन महापंचायत को सफल बनाने को लेकर सामाजिक संगठनों ने तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को शहर के धोबी घाट मोहल्ले में अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापंचायत की सफलता को लेकर रणनीति बनाई गई और लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जागरूक करने का निर्णय लिया गया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मौर्य ने कहा कि बहुजन महापंचायत अभियान समाज के लोगों को एकजुट करने और सामाजिक मुद्दों पर सामूहिक पहल को मजबूत करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक अभियान की सफलता के लिए जनभागीदारी जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने और अधिक से अधिक संख्या में जगदीशपुर पहुंचने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से ही सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, अधिकारों की रक्षा और संगठन को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने और लोगों को कार्यक्रम के उद्देश्य से अवगत कराने का आह्वान किया।बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि बहुजन महापंचायत केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और जागरूकता का मंच है। इसके माध्यम से समाज में आपसी सहयोग, संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर चर्चा को बढ़ावा मिलेगा।

वक्ताओं ने कहा कि समाज के हितों को लेकर लोगों को जागरूक होना होगा और संगठित प्रयासों के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने निर्णय लिया कि महापंचायत को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। गांवों और मोहल्लों में जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता अरुण सिंह, शिवप्रसाद कुशवाहा, सुरेंद्र सिंह सहित अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

