जन सुनवाई में डीएम ने सुनीं 31 फरियाद, अधिकारियों को त्वरित निष्पादन का निर्देश
आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जन सुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं।


__ सात निश्चय-03 के ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ जनता दरबार, राजस्व से जुड़े मामलों की रही अधिकता
केटी न्यूज/बक्सर
आम जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान-जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत जिलाधिकारी साहिला ने समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जन सुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें और आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।जन सुनवाई में कुल 31 आवेदनों पर सुनवाई की गई। इनमें सबसे अधिक मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। प्राप्त आवेदनों में 18 आवेदन राजस्व विभाग, 10 आवेदन विकास योजनाओं एवं 3 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े थे।

नागरिकों ने जमीन विवाद, प्रशासनिक कार्यों में विलंब, विकास योजनाओं से संबंधित समस्याओं सहित विभिन्न मुद्दों को जिलाधिकारी के सामने रखा।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
--समय सीमा के भीतर होगा शिकायतों का समाधान
डीएम साहिला ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। सभी आवेदनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय सीमा के अंदर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।जन सुनवाई के दौरान अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि आम लोगों से जुड़ी समस्याओं के निपटारे में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

--जन सहभागिता को प्राथमिकता दे रहा जिला प्रशासन
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जन सुनवाई और जनता से सीधे संवाद की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का त्वरित, प्रभावी और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना है। जन सुनवाई कार्यक्रम को लेकर लोगों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली।जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से नियमित रूप से जन सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है।

