दिशा बैठक में सांसद सुधाकर सिंह का सख्त संदेश: समय सीमा में पूरा करें काम, जनहित की योजनाओं में नहीं होगी ढिलाई

सांसद सह दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) के अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय दिशा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दिशा बैठक में सांसद सुधाकर सिंह का सख्त संदेश: समय सीमा में पूरा करें काम, जनहित की योजनाओं में नहीं होगी ढिलाई

__ जासो सड़क, शहीद हवलदार सुनील सिंह की प्रतिमा और शेरशाहगढ़ तक मरीन ड्राइव विस्तार का मुद्दा भी गूंजा, जनप्रतिनिधियों ने सौंपा लिखित प्रतिवेदन

केटी न्यूज/बक्सर। 

सांसद सह दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) के अध्यक्ष सुधाकर सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय दिशा बैठक में विकास योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समय सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ सिंह, बक्सर विधायक आनंद मिश्रा, जिलाधिकारी साहिला, पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा विभिन्न प्रखंडों के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत पिछली दिशा बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। सांसद सुधाकर सिंह ने संबंधित विभागों से एक-एक बिंदु पर प्रगति रिपोर्ट ली और लंबित कार्यों एवं जांचों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिन विभागों को समयबद्ध जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे निर्धारित अवधि के भीतर उसका निष्पादन सुनिश्चित करें।सांसद ने सभी विभागों से उनकी योजनाओं की वर्तमान स्थिति, उपलब्धियों, समस्याओं और चुनौतियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।बैठक में समग्र बाल विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। सांसद ने इन क्षेत्रों में नियमित अनुश्रवण करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में ठोस प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाए।सड़क और पेयजल की समस्याएं भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहीं। विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को विस्तार से उठाया, जिस पर सांसद ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक के दौरान चौसा चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने जासो सड़क की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए इसके शीघ्र निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि हाल ही में शहीद हवलदार सुनील सिंह का नाम आधिकारिक शहीद सूची में दर्ज किया गया है। शहीद की पत्नी की मांग पर शेरशाहगढ़ में उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने की स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी है।

उन्होंने दिशा बैठक में इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए शीघ्र स्थापना सुनिश्चित कराने की मांग की।डॉ. यादव ने गंगा तट पर प्रस्तावित बक्सर-भागलपुर मरीन ड्राइव परियोजना का विस्तार बिहार की अंतिम सीमा शेरशाहगढ़ तक किए जाने की भी मांग रखी। उनका कहना था कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ सीमावर्ती क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।बैठक के अंत में सांसद सुधाकर सिंह ने विश्वास जताया कि सभी विभाग समग्र एवं संतुलित जिला विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं एवं मांगों का लिखित प्रतिवेदन भी अध्यक्ष के समक्ष सौंपा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।