पुराना भोजपुर मारपीट कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, चिलहरी से दबोच भेजा गया जेल

नया भोजपुर थाना पुलिस ने पुराना भोजपुर में जनवरी माह में हुई मारपीट की घटना के एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में पुराना भोजपुर निवासी मुकेश यादव (पिता-स्व. अशोक यादव) को चिलहरी गांव से गिरफ्तार किया।

पुराना भोजपुर मारपीट कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, चिलहरी से दबोच भेजा गया जेल

केटी न्यूज/डुमरांव

नया भोजपुर थाना पुलिस ने पुराना भोजपुर में जनवरी माह में हुई मारपीट की घटना के एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में पुराना भोजपुर निवासी मुकेश यादव (पिता-स्व. अशोक यादव) को चिलहरी गांव से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी की कार्रवाई थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में की गई।पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी को पुराना भोजपुर गांव में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आवेदन दिए गए, जिसके आधार पर तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।

पहले पक्ष के कमल सिंह ने सात लोगों पर अपने पुत्र के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया था। वहीं, श्रीकवल सिंह ने अपनी वृद्ध पत्नी के साथ मारपीट किए जाने को लेकर चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कराया था। दूसरी ओर, उमा यादव ने काउंटर केस दर्ज कराते हुए विपक्षी पक्ष पर अपने परिजनों के साथ मारपीट और हाथ तोड़ने का आरोप लगाया था।इस मामले में पुलिस पूर्व में उमा यादव और उनके पुत्र रामजी यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अनुसंधान को आगे बढ़ा रही है। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा शेष आरोपितों की गिरफ्तारी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।