सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आ ग्रामीण की मौके पर मौत

चौसा-कोचस मुख्य पथ पर गुरुवार की शाम तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। राजपुर थाना क्षेत्र के गीता नगर बसही के समीप सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को तेज गति से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बस की चपेट में आने के बाद ग्रामीण कई मीटर तक घसीटता चला गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बस की चपेट में आ ग्रामीण की मौके पर मौत

__ राजपुर के बसही गांव के श्रीकवल राम की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, चालक बस छोड़कर फरार

केटी न्यूज/राजपुर। 

चौसा-कोचस मुख्य पथ पर गुरुवार की शाम तेज रफ्तार का कहर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। राजपुर थाना क्षेत्र के गीता नगर बसही के समीप सड़क पार कर रहे एक ग्रामीण को तेज गति से आ रही बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बस की चपेट में आने के बाद ग्रामीण कई मीटर तक घसीटता चला गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया।मृतक की पहचान बसही गांव निवासी 45 वर्षीय श्रीकवल राम, पिता मुक्तेश्वर राम, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रीकवल राम एक छोटे बच्चे के साथ सरदार सिंह अस्पताल के समीप स्थित नाश्ते की दुकान की ओर जा रहे थे।

सड़क पार करने के दौरान बक्सर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। हालांकि राहत की बात यह रही कि उनके साथ मौजूद बच्चा सुरक्षित बच गया।घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और काफी देर तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलने पर राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा देते हुए जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बक्सर भेज दिया।पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को जब्त कर लिया है। वहीं, हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हुए चालक की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद बसही गांव में शोक का माहौल है।