घर के बाहर टहल रहे युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत, अर्थिंग तार में दौड़ रही थी बिजली
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में गुरुवार की देर शाम एक हृदयविदारक हादसे में 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियाव गांव में गुरुवार की देर शाम एक हृदयविदारक हादसे में 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।मिली जानकारी के अनुसार अरियाव गांव निवासी हीरा लाल लोहार का 22 वर्षीय पुत्र विकास शर्मा देर शाम अपने घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान वह मकान के सामने स्थित बिजली के पोल में लगे अर्थिंग तार के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि अर्थिंग तार में अचानक बिजली का प्रवाह हो रहा था।

तार छूते ही विकास तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग उसे बचाने का प्रयास भी नहीं कर सके।हादसे की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली के पोल और अर्थिंग व्यवस्था की समय-समय पर जांच होती, तो संभवतः इस तरह की दुर्घटना टाली जा सकती थी।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था। आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

