घर पर खड़ी थी बोलेरो, 156 किमी दूर कट गया चालान
तकनीक के दौर में ऑनलाइन चालान व्यवस्था जहां ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने का माध्यम बनी है, वहीं अब इसी सिस्टम पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव निवासी राकेश कुमार की बोलेरो गाड़ी घर पर खड़ी थी, लेकिन उसका चालान 156 किलोमीटर दूर गोपालगंज जिले में कट गया।


--आधी रात आए मैसेज ने उड़ाए होश, नंबर प्लेट क्लोनिंग या सिस्टम की गड़बड़ी पर उठे सवाल
केटी न्यूज/डुमरांव
तकनीक के दौर में ऑनलाइन चालान व्यवस्था जहां ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने का माध्यम बनी है, वहीं अब इसी सिस्टम पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरक गांव निवासी राकेश कुमार की बोलेरो गाड़ी घर पर खड़ी थी, लेकिन उसका चालान 156 किलोमीटर दूर गोपालगंज जिले में कट गया। आधी रात मोबाइल पर आए एक मैसेज ने पूरे परिवार की नींद उड़ा दी।राकेश कुमार के अनुसार गुरुवार की रात उनके मोबाइल पर परिवहन विभाग की ओर से 2500 रुपये के ई-चालान का संदेश आया। मैसेज में बताया गया था कि उनकी बोलेरो पर गोपालगंज जिले में ट्रैफिक नियम उल्लंघन के आरोप में चालान काटा गया है।

हैरानी की बात यह रही कि जिस समय चालान कटने की बात कही गई, उस समय गाड़ी उनके घर पर खड़ी थी और वह स्वयं गांव में मौजूद थे।घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। युवक ने तत्काल गाड़ी की जांच की और आसपास के लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन वाहन के कहीं बाहर जाने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद शुक्रवार की सुबह वह कृष्णाब्रह्म थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।राकेश ने आशंका जताई है कि उसकी गाड़ी के नंबर का दुरुपयोग किया गया हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे मामलों में “नंबर प्लेट क्लोनिंग” की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जिसमें किसी दूसरे वाहन पर समान नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल किया जाता है।

वहीं कुछ लोग इसे ई-चालान सिस्टम की तकनीकी खामी भी मान रहे हैं।पुलिस ने युवक को जिला परिवहन कार्यालय में शिकायत दर्ज कर जांच कराने की सलाह दी है। अब राकेश न्याय की उम्मीद में परिवहन विभाग का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है। घटना सामने आने के बाद इलाके के वाहन मालिकों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि घर पर खड़े वाहन का चालान कट सकता है, तो कोई भी व्यक्ति ऐसी गड़बड़ी का शिकार हो सकता है।

