__ छह मशीनों में पांच खराब, एक के सहारे करीब एक लाख की आबादी को मच्छरों से बचाने की कवायद; जलजमाव वाले मोहल्लों में बढ़ा प्रकोप, बीमारियों का खतरा गहराया
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव नगर परिषद में सफाई और जनस्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर की करीब एक लाख आबादी को मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बचाने की जिम्मेदारी जिस फॉगिंग व्यवस्था पर है, वह खुद बदहाली का शिकार है। नगर परिषद के 35 वार्डों में मच्छरों पर नियंत्रण के लिए उपलब्ध छह फॉगिंग मशीनों में से पांच खराब पड़ी हैं। महज एक मशीन के सहारे पूरे शहर में फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है। ऐसे में मच्छरों के खिलाफ नगर परिषद की मुहिम कितनी प्रभावी होगी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही शहर के कई मोहल्लों में मच्छरों का आतंक भी बढ़ने लगा है। जगह-जगह जलजमाव और नालियों में जमा गंदगी मच्छरों के पनपने के अनुकूल माहौल तैयार कर रही है। शाम ढलते ही घरों से लेकर दुकानों और सार्वजनिक स्थानों तक मच्छरों का प्रकोप लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई इलाकों में स्थिति ऐसी है कि बिना मच्छररोधी उपायों के बैठना तक मुश्किल हो रहा है।सबसे बड़ी चिंता मच्छरजनित बीमारियों को लेकर है। मच्छरों की बढ़ती संख्या से मलेरिया, डेंगू समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका है।

खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि जब नगर परिषद के पास छह मशीनें उपलब्ध हैं, तो आखिर पांच मशीनें खराब क्यों पड़ी हैं और समय रहते उनकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई?शहरवासियों का कहना है कि केवल फॉगिंग कराना ही पर्याप्त नहीं है। जलजमाव वाले स्थानों की सफाई, नालियों की नियमित उड़ाही और मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए भी ठोस कदम उठाने होंगे। लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से खराब मशीनों की तत्काल मरम्मत कराने, सभी वार्डों में रोस्टर के अनुसार फॉगिंग कराने और संवेदनशील मोहल्लों में विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

__ जल्द दुरुस्त होंगी खराब मशीनें
नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि खराब पड़ी फॉगिंग मशीनों की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही सभी मशीनों को चालू हालत में कर दिया जाएगा, ताकि नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग कराई जा सके।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।