निर्वाचक सूची से छूटे नाम जुड़ेंगे, घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ
निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने की अर्हता हासिल कर चुके युवाओं को अब मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए, यह सुनिश्चित करना है।

__ एक माह में पूरा होगा विशेष अभियान, पात्र नागरिकों से भरवाया जाएगा प्रपत्र-6; युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर भी जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने की अर्हता हासिल कर चुके युवाओं को अब मतदाता सूची से जोड़ने के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, बिहार, पटना के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए, यह सुनिश्चित करना है।अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों के स्तर पर निर्वाचक सूची की समीक्षा की जाएगी। बीएलओ घर-घर पहुंचकर गृह सत्यापन करेंगे और ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करेंगे, जिनका नाम अब तक निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं हो पाया है।

इसके साथ ही पहली बार मतदाता बनने की अर्हता रखने वाले युवाओं को भी चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराया जाएगा।जिला प्रशासन ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं बीएलओ को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सत्यापन के दौरान पात्र पाए जाने वाले नागरिकों से प्रपत्र-6 अनिवार्य रूप से भरवाया जाएगा, ताकि उनका नाम निर्वाचक सूची में नियमानुसार दर्ज किया जा सके। प्रशासन ने अभियान को एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।अभियान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बीएलओ द्वारा तैयार की जाने वाली संबंधित सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ भी साझा किया जाएगा।

अभियान समाप्त होने के बाद मतदान केंद्रवार तैयार सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाएगी। जरूरत के अनुसार विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित कर पंजीकरण की प्रक्रिया को गति दी जाएगी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम साहिला ने पात्र नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र लोगों का नाम निर्वाचक सूची में दर्ज नहीं है, वे अपने बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र-6 के माध्यम से नाम दर्ज कराएं। वहीं, पहली बार पात्र हुए युवा भी समय पर पंजीकरण कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

