बक्सर में गैस आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी रोकने को लगातार छापेमारी
जिले में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी-कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।
__ 27 एजेंसियों के जरिए 3.50 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को आपूर्ति, 1055 शिकायतों में 1003 का त्वरित निपटारा
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जमाखोरी-कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या 3 लाख 50 हजार से अधिक है। कंपनीवार आंकड़ों के अनुसार इंडियन ऑयल के 2,02,360, भारत पेट्रोलियम के 57,517 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90,668 उपभोक्ता हैं।

13 मार्च से 16 अप्रैल 2026 तक कुल 1,61,616 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 16 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 2,432 सिलेंडर शेष थे।प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग है, जबकि प्रतिदिन 5,595 रीफिल की आपूर्ति हो रही है। फिलहाल 26,549 बुकिंग लंबित हैं और लगभग 4.7 दिन का बैकलॉग है।गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद नई बुकिंग की अनुमति दी गई है। निर्धारित अंतराल पर घर-घर पहुंच सेवा के माध्यम से ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।

एलपीजी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिलास्तरीय अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लगातार एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर रहे हैं। अब तक कालाबाजारी के दो मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 16 अप्रैल को ही 38 गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए दूरभाष संख्या 06183-223333 जारी की गई है।

अब तक कुल 1055 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 1003 का त्वरित निपटारा कर दिया गया है। शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।विवाह एवं श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस आपूर्ति हेतु विशेष व्यवस्था की गई है। संबंधित व्यक्ति को निमंत्रण पत्र के साथ अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में आवेदन देना होगा। मांग और उपलब्धता के आधार पर रसोइया या केटरर को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। अब तक बक्सर अनुमंडल में 125 तथा डुमरांव अनुमंडल में 119 आवेदन प्राप्त हुए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि गैस या आवश्यक वस्तुओं को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है।

