सड़कें जर्जर, टेंडर की प्रक्रिया बेपटरी; डुमरांव में सड़क निर्माण को लेकर सड़क पर उतरे लोग

डुमरांव अनुमंडल में जर्जर सड़कों से बढ़ती परेशानी और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं के निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ अब लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखने लगा है। गुरुवार को जिला परिषद सदस्य सह अधिवक्ता डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में महरौरा मोड़ से ग्रामीण कार्य प्रमंडल, डुमरांव के कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया।

सड़कें जर्जर, टेंडर की प्रक्रिया बेपटरी; डुमरांव में सड़क निर्माण को लेकर सड़क पर उतरे लोग

__ एनएच-120 से एनएच-922 को जोड़ने वाली सड़कों समेत ग्रामीण मार्गों के शीघ्र निर्माण की मांग, जिला परिषद सदस्य ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव अनुमंडल में जर्जर सड़कों से बढ़ती परेशानी और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं के निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ अब लोगों का आक्रोश सड़क पर दिखने लगा है। गुरुवार को जिला परिषद सदस्य सह अधिवक्ता डॉ. राजीव कुमार के नेतृत्व में महरौरा मोड़ से ग्रामीण कार्य प्रमंडल, डुमरांव के कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया। दर्जनों लोगों ने पदयात्रा में शामिल होकर बदहाल सड़कों के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद डॉ. राजीव कुमार ने ग्रामीण कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

ज्ञापन में सड़क निर्माण की प्रक्रिया में हो रही देरी को प्रमुखता से उठाया गया है। डॉ. राजीव कुमार का कहना है कि ग्लोबल टेंडर के तहत स्वीकृत कई सड़क परियोजनाओं का काम निर्धारित समय सीमा के भीतर आगे नहीं बढ़ पा रहा है। वहीं, कुछ सड़कों की निविदाएं रद्द होने के बाद दोबारा टेंडर की प्रक्रिया भी लंबित बताई गई है। उन्होंने ऐसी सभी सड़कों के लिए शीघ्र पुनर्निविदा जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

__बदहाल सड़कों से बढ़ी आम लोगों की परेशानी

ज्ञापन में कहा गया है कि अनुमंडल क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण ग्रामीण एवं शहरी सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। जगह-जगह क्षतिग्रस्त मार्गों के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कों के चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं, स्कूली बच्चों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।डॉ. राजीव कुमार ने डुमरांव शहर से होकर गुजरने वाले एनएच-120 को एनएच-922 से जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इन सड़कों का निर्माण क्षेत्र के आवागमन को सुगम बनाने के साथ ही आसपास के ग्रामीण इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

एग्रीमेंट लंबित रहने पर उठाए सवाल

ज्ञापन में ग्लोबल टेंडर के तहत सड़क निर्माण से जुड़े एग्रीमेंट स्टेटस का भी उल्लेख किया गया है। दावा किया गया है कि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद संबंधित प्रक्रिया लंबित है। इसके समर्थन में दस्तावेज की प्रति भी ज्ञापन के साथ संलग्न की गई है।जिला परिषद सदस्य ने चेतावनी दी कि यदि सड़कों का निर्माण जल्द शुरू नहीं कराया गया और कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं की गई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। मौके पर मुखिया इंदल सिंह समेत अन्य लोगों ने भी सड़क निर्माण में तेजी लाने की मांग की। लोगों ने कहा कि सड़कों की बदहाली के कारण रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। ऐसे में सरकार और संबंधित विभाग को मामले में अविलंब ठोस पहल करनी चाहिए।