शिक्षा अधिकारी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, दोनों पालियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

शुक्रवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित शिक्षा अधिकारी की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण सभी केंद्रों पर परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुई।

शिक्षा अधिकारी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, दोनों पालियों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

केटी न्यूज/बक्सर

शुक्रवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित शिक्षा अधिकारी की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो गई। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके कारण सभी केंद्रों पर परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हुई।जिला नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में सामान्य भाषा विषय की परीक्षा आयोजित की गई। इस पाली में कुल 9060 परीक्षार्थियों को शामिल होना था, जिसमें 3543 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 5517 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। राहत की बात यह रही कि किसी भी परीक्षा केंद्र से निष्कासन की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

वहीं द्वितीय पाली में सामान्य अध्ययन विषय की परीक्षा संपन्न हुई। इसमें भी कुल 9060 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिनमें 3528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। दूसरी पाली में 5532 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में भी किसी अभ्यर्थी को निष्कासित नहीं किया गया।जिला नियंत्रण कक्ष के अनुसार जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी तथा केंद्रों के अंदर कड़ी निगरानी रखी गई। अधिकारियों द्वारा लगातार विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया गया।

परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रों से शांतिपूर्वक बाहर निकले। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी, हंगामा अथवा नकल की शिकायत प्राप्त नहीं हुई।शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के सहयोग की सराहना की है। जिले में परीक्षा के सफल संचालन से प्रशासन ने राहत की सांस ली है।