जलीलपुर में प्रशासन गांव की दहलीज पर, समस्याओं के समाधान को लगा बहु-विभागीय कैंप
चौसा प्रखंड की जलीलपुर पंचायत में मंगलवार को प्रशासन ने गांव की दहलीज पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान की पहल की। राज्य सरकार के अभियान “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत आयोजित विशेष शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने एक ही स्थान पर आमजन की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का त्वरित निपटारा किया।
केटी न्यूज/चौसा
चौसा प्रखंड की जलीलपुर पंचायत में मंगलवार को प्रशासन ने गांव की दहलीज पर पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान की पहल की। राज्य सरकार के अभियान “सबका सम्मान-जीवन आसान” के तहत आयोजित विशेष शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों ने एक ही स्थान पर आमजन की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का त्वरित निपटारा किया।शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार पासवान ने किया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से मुक्ति दिलाना और योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

शिविर में कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 20 आवेदन प्रखंड स्तरीय मामलों से संबंधित थे। इनमें 12 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।प्राप्त आवेदनों में आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, पेयजल, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नल-जल योजना और नाली-गली निर्माण जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामले प्रमुख रहे। अलग-अलग काउंटर लगाए जाने से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं संबंधित विभाग के समक्ष सीधे रखने का अवसर मिला।

बीडीओ ने उपस्थित कर्मियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का निष्पादन तय समय सीमा में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचे।ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर कई विभागों की मौजूदगी से समय और श्रम की बचत हुई है तथा समस्याओं का समाधान पहले की तुलना में अधिक सरल हुआ है।

