चार साल की सेवा में बदली मुरार बिजली उपकेंद्र की तस्वीर, स्थानांतरण पर जेई को दी भावभीनी विदाई
मुरार विद्युत उपकेंद्र को बेहतर क्षमता और सुचारु संचालन की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले चौगाईं प्रशाखा के कनीय अभियंता शैलेश कुमार के स्थानांतरण पर मंगलवार को मुरार विद्युत उपकेंद्र परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया।

केटी न्यूज/चौगाईं।
मुरार विद्युत उपकेंद्र को बेहतर क्षमता और सुचारु संचालन की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले चौगाईं प्रशाखा के कनीय अभियंता शैलेश कुमार के स्थानांतरण पर मंगलवार को मुरार विद्युत उपकेंद्र परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता भरतलाल सिंह ने की। इस दौरान मानव बल एवं विद्युत कर्मियों ने उन्हें पुष्पहार और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना की।शैलेश कुमार ने चौगाईं प्रशाखा में करीब चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने मुरार विद्युत उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से उपकेंद्र में पहले की तुलना में दोगुनी क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कराया गया।

साथ ही कई आवश्यक विद्युत उपकरण भी लगाए गए। क्षमता विस्तार के बाद घरेलू और कृषि फीडर का एक साथ संचालन संभव हुआ, जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ किसानों को भी काफी राहत मिली।क्षेत्र के किसानों और उपभोक्ताओं ने बताया कि शैलेश कुमार की कार्यशैली का सीधा लाभ ग्रामीणों को मिला। किसान सीताराम सिंह, धर्मदेव पांडेय, कपिल मुनि पांडेय, पप्पू तिवारी और हरेन्द्र यादव ने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिलते ही उसे बदलने की प्रक्रिया 24 घंटे के भीतर शुरू कराने का प्रयास किया जाता था। इससे सिंचाई प्रभावित होने से बचती थी और किसानों को अनावश्यक परेशानी नहीं उठानी पड़ती थी।समारोह में एसडीओ सुरेंद्र कुमार सिंह, मानव बल वीरेंद्र प्रसाद, लालबाबू केसरी, सन्नी सागर सहित विद्युत विभाग के अन्य कर्मी मौजूद रहे। वक्ताओं ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नए कार्यस्थल पर भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की उम्मीद जताई।

