गांधी जयंती पर गूंजा स्वच्छता और जीवन मूल्यों का संदेश
सभापति मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, डुमरांव में गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

__ सभापति मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन में बापू व शास्त्री को श्रद्धांजलि, छात्र-छात्राओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
केटी न्यूज/डुमरांव।
सभापति मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन, डुमरांव में गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज प्रेसिडेंट चंदन कुमार मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि उनके विचार आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से बापू द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा, अनुशासन, सादगी और स्वच्छता जैसे जीवन मूल्यों को अपने आचरण में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना भी है।चंदन मिश्रा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सभ्य समाज की बुनियादी जरूरत माना था। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन की आदत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, शिक्षण संस्थान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इसके बाद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। संस्थान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

