भीषण गर्मी और लू के चलते बक्सर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 10 बजे के बाद गतिविधियों पर रोक
जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, बक्सर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्वाह्न 10 बजे के बाद संचालित होने वाली सभी गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह आदेश 31 मई तक प्रभावी रहेगा।


केटी न्यूज/बक्सर
जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस, बक्सर द्वारा जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पूर्वाह्न 10 बजे के बाद संचालित होने वाली सभी गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह आदेश 31 मई तक प्रभावी रहेगा।आईसीडीएस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के समय पड़ रही तेज धूप और लू का असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। बच्चों को डिहाइड्रेशन, बुखार और अन्य गर्मीजनित बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। विभाग ने कहा है कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात बरतना बेहद जरूरी है।

जिला प्रशासन ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करें तथा यह सुनिश्चित करें कि बच्चों और सेविकाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही सभी केंद्रों पर बच्चों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और गर्मी से बचाव संबंधी जागरूकता फैलाने का भी निर्देश दिया गया है।प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे दोपहर के समय बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें तथा उन्हें हल्के कपड़े पहनाएं और पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाते रहें।भीषण गर्मी को देखते हुए जिले में यह फैसला राहतभरा माना जा रहा है। विभाग का कहना है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी जरूरी कदम उठाएगें।

