हरियाली से मजबूत होगी पुलिस-जनता की साझेदारी, पुलिस सप्ताह पर अनोखी पहल

पुलिस सप्ताह के अवसर पर नावानगर थाना परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि इसे पुलिस और समाज के रिश्तों को सुदृढ़ करने की पहल के रूप में देखा गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी पुलिस की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

हरियाली से मजबूत होगी पुलिस-जनता की साझेदारी, पुलिस सप्ताह पर अनोखी पहल

केटी न्यूज/नावानगर

पुलिस सप्ताह के अवसर पर नावानगर थाना परिसर में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि इसे पुलिस और समाज के रिश्तों को सुदृढ़ करने की पहल के रूप में देखा गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी पुलिस की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम की अगुवाई थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने की। उनके साथ एसआई मुन्ना कुमार, एसआई संजय कुमार, एसआई दिलीप कुमार, एसआई अनिल राज समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर और मुख्य द्वार के पास 11 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। पौधरोपण के दौरान पुलिसकर्मियों ने पौधों की देखरेख का संकल्प भी लिया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है। यदि अभी ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की, कि वे भी अपने आसपास पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बनें। इस पहल को थाना स्तर पर सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के जरिए यह संदेश स्पष्ट किया गया कि पुलिस केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विकास और पर्यावरण संतुलन के प्रति भी उतनी ही संवेदनशील है। समारोह में थाना के सभी पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।