पोषण की थाली में मोटे अनाज का स्वाद, सेविकाओं की मेहनत को मिला सम्मान
मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और ग्रामीण परिवारों को पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभागार में प्रखंड स्तरीय पोषण मेला आयोजित किया गया। मेले में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने मोटे अनाज से तैयार विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए और इनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी।


__ राजपुर में लगा प्रखंड स्तरीय पोषण मेला, माताओं को पौष्टिक आहार के प्रति किया जागरूक
केटी न्यूज/राजपुर।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और ग्रामीण परिवारों को पौष्टिक खान-पान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को बाल विकास परियोजना कार्यालय के सभागार में प्रखंड स्तरीय पोषण मेला आयोजित किया गया। मेले में आंगनबाड़ी सेविकाओं ने मोटे अनाज से तैयार विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए और इनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी।कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ मनोज कुमार और आरओ रूपा कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा, जब उसका फायदा जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।

उन्होंने मोटे अनाज के इस्तेमाल को ग्रामीण जीवनशैली में बढ़ावा देने की पहल को उपयोगी बताया। कहा कि पौष्टिक भोजन की आदत माताओं और बच्चों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।महिला पर्यवेक्षकों रिंकू कुमारी, सुनीता मिश्रा, ज्योतिष्मति कुमारी और योगिता सिंह ने माताओं को बच्चों के उम्र के अनुसार आहार देने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों के भोजन में दूध, दही, पनीर, ताजे फल, दाल का पानी, हरी पत्तेदार सब्जियां और दलिया जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल किए जाने चाहिए। एक वर्ष की उम्र के बाद बच्चों के शारीरिक विकास के साथ मस्तिष्क के विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए संतुलित आहार जरूरी है।

मेले के दौरान धात्री महिला की गोदभराई की रस्म और छोटे बच्चे का अन्नप्राशन भी कराया गया। वहीं, पोषण क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाली सुमन बाला सिंह, प्रियंका कुमारी, राधा कुमारी, वर्षा कुमारी समेत 15 आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में ऑपरेटर राजेश कुमार, प्रखंड समन्वयक धर्मेंद्र कुमार, विमलेश कुमार समेत अन्य कर्मी और सेविकाएं मौजूद रहीं।

