रघुनाथपुर योगा क्लब की पहल

स्वस्थ शरीर के लिए केवल योगाभ्यास ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सही खान-पान, नियमित व्यायाम और शरीर की जरूरत के अनुसार फिजियोथेरेपी भी जरूरी है। इसी सोच के साथ रघुनाथपुर योगा क्लब में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

रघुनाथपुर योगा क्लब की पहल

__योग के साथ पोषण और फिजियोथेरेपी का पाठ, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़े कदम

__ रघुनाथपुर योगा क्लब में विशेषज्ञ ने बताए दर्द से राहत के आसान उपाय, महिलाओं के लिए जल्द लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर।

स्वस्थ शरीर के लिए केवल योगाभ्यास ही पर्याप्त नहीं, बल्कि सही खान-पान, नियमित व्यायाम और शरीर की जरूरत के अनुसार फिजियोथेरेपी भी जरूरी है। इसी सोच के साथ रघुनाथपुर योगा क्लब में सोमवार को स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में फिजियोथेरेपिस्ट एवं डाइटिशियन डॉ. प्रियंका पाठक ने योग साधकों को स्वस्थ जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देने के साथ कई व्यावहारिक अभ्यास भी कराए।सत्र के दौरान डॉ. प्रियंका पाठक ने जोड़ों के दर्द, माइग्रेन समेत रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली विभिन्न शारीरिक परेशानियों से बचाव और राहत के लिए उपयोगी व्यायाम एवं फिजियोथेरेपी तकनीकों का प्रदर्शन किया।

उन्होंने प्रतिभागियों को स्वयं अभ्यास कराते हुए सही तरीके और सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यायाम को शरीर की क्षमता और आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। इसके साथ ही संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।योग शिक्षक दिनेश कुमार यादव के नियमित योग प्रशिक्षण के साथ आयोजित इस विशेष सत्र में योग और आधुनिक स्वास्थ्य पद्धतियों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। क्लब के सदस्यों ने विशेषज्ञ से अपनी शारीरिक समस्याओं को लेकर सवाल पूछे और आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी मिलने पर इस पहल की सराहना की।

__महिलाओं के लिए जल्द लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

रघुनाथपुर योगा क्लब के सदस्य एवं पर्यावरण कार्यकर्ता शैलेश कुमार ओझा ने बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। खासकर महिलाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शिविर में योग, फिजियोथेरेपी, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली में लोग कई तरह की शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में लोगों को बीमारी के बाद इलाज कराने के बजाय पहले से ही स्वास्थ्य के प्रति सजग करना जरूरी है। क्लब का उद्देश्य योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ लोगों को खान-पान और शारीरिक गतिविधियों के प्रति भी जागरूक करना है।कार्यक्रम में शैलेश ओझा, मु. राजू, पारितोष सिंह, रंजन कुमार, विनय कुमार, दिनेश यादव, सत्येंद्र यादव, नसीम अंसारी, गुड्डू मिश्रा, लव यादव, सुमित कुमार, मंटू मियां, सुरेश ठाकुर, चंदन मिश्रा समेत क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।