चौसा–रामगढ़ मार्ग पर आवारा कुत्तों की वजह से हादसा, बैंककर्मी की जान बची हेलमेट से

चौसा–रामगढ़ मुख्य पथ पर शुक्रवार की दोपहर एक बार फिर सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या गंभीर हादसे का कारण बन गई। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के सिकरौल गांव के समीप अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चौसा–रामगढ़ मार्ग पर आवारा कुत्तों की वजह से हादसा, बैंककर्मी की जान बची हेलमेट से

केटी न्यूज/चौसा

चौसा–रामगढ़ मुख्य पथ पर शुक्रवार की दोपहर एक बार फिर सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या गंभीर हादसे का कारण बन गई। राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा के सिकरौल गांव के समीप अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते से बचने के प्रयास में बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज रफ्तार में सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को सड़क से सुरक्षित हटाया। ग्रामीणों की तत्परता से तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई।

एंबुलेंस के पहुंचते ही घायल को प्राथमिक उपचार के लिए चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक की स्थिति को गंभीर बताते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया।घायल युवक की पहचान कैमूर जिले के पजराव गांव निवासी धन्नजय सिंह के 36 वर्षीय पुत्र मिमोह राज सिंह के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मिमोह राज सिंह एक बैंक में कार्यरत हैं और शुक्रवार को बाइक से अपने गांव से बक्सर जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान सिकरौल गांव के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना काफी तेज थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि युवक ने हेलमेट पहन रखा था। हेलमेट की वजह से सिर में गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आवारा कुत्तों और मवेशियों का अचानक सड़क पर आ जाना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।वहीं, राजपुर थानाध्यक्ष श्री निवास ने बताया कि फिलहाल घटना की आधिकारिक सूचना थाने को प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।