रेल यात्रियों की समस्याओं पर सख्त रुख, समाधान नहीं हुआ तो होगा घेराव
दानापुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर व्याप्त समस्याओं को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति ने अब सख्त रुख अपनाते हुए रेल प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है। समिति ने कहा है कि यदि यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव से जुड़ी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
केटी न्यूज/डुमरांव
दानापुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर व्याप्त समस्याओं को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति ने अब सख्त रुख अपनाते हुए रेल प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है। समिति ने कहा है कि यदि यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव से जुड़ी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।समिति का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मिला और यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई छोटे स्टेशनों पर जरूरी सुविधाओं का अभाव है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बैठक के दौरान बरुना, टुड़ीगंज, बनाही, रघुनाथपुर, डुमरांव और बिहिया जैसे स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग जोर-शोर से उठाई गई। समिति के सदस्यों ने कहा कि इन स्टेशनों पर एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती है।इसके अलावा, स्टेशन परिसरों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और यात्री सुविधाओं की कमी को भी गंभीर मुद्दा बताया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों से इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की।हालांकि अधिकारियों ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है, लेकिन समिति इससे पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आई। डॉ. सिंह ने कहा कि अब हर माह समीक्षा बैठक की जाएगी और यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सैकड़ों समर्थकों के साथ मंडल कार्यालय का घेराव किया जाएगा।समिति ने साफ कर दिया है कि यात्रियों के अधिकारों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।

