सिलेंडर की झंझट से मिलेगी मुक्ति, डुमरांव में घर-घर पीएनजी पहुंचाने की शुरुआत

रसोई गैस के लिए सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और भंडारण की परेशानी से छुटकारा दिलाने की दिशा में डुमरांव ने शनिवार को एक कदम आगे बढ़ाया। शहर की टेक्सटाइल कॉलोनी में पाइपलाइन के जरिए घरेलू रसोई गैस यानी पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो गई। जिलाधिकारी साहिला ने चूल्हा जलाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया।

सिलेंडर की झंझट से मिलेगी मुक्ति, डुमरांव में घर-घर पीएनजी पहुंचाने की शुरुआत

__ टेक्सटाइल कॉलोनी के पांच घरों में पहली बार पाइपलाइन से जला चूल्हा, दो साल में बक्सर-डुमरांव के 25 हजार परिवारों को गैस नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य

केटी न्यूज/डुमरांव।

रसोई गैस के लिए सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी और भंडारण की परेशानी से छुटकारा दिलाने की दिशा में डुमरांव ने शनिवार को एक कदम आगे बढ़ाया। शहर की टेक्सटाइल कॉलोनी में पाइपलाइन के जरिए घरेलू रसोई गैस यानी पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो गई। जिलाधिकारी साहिला ने चूल्हा जलाकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ किया। फिलहाल पांच घरों में पीएनजी से चूल्हा जलने लगा है, जबकि शुरुआती चरण में करीब एक दर्जन घरों को कनेक्शन देने की योजना है। इस पहल से शहर में आधुनिक गैस आपूर्ति व्यवस्था के विस्तार की उम्मीद जगी है।इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे नेटवर्क का उद्देश्य घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से सीधे रसोई गैस पहुंचाना है। कंपनी और प्रशासन के सामने अब केवल पाइपलाइन बिछाने ही नहीं, बल्कि अधिक से अधिक घरों में कनेक्शन सक्रिय कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की चुनौती भी है।

__ 498 घरों में बिछी पाइपलाइन, सक्रिय कनेक्शन महज पांच

परियोजना के तहत डुमरांव में अब तक 498 घरों में आंतरिक गैल्वनाइज्ड आयरन (जीआई) पाइपलाइन और स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा हो चुका है। इसके बावजूद अभी तक केवल पांच कनेक्शन सक्रिय हो पाए हैं। ऐसे में बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाने की रफ्तार बढ़ाना जरूरी होगा। कंपनी ने अगले दो से तीन महीनों में एक हजार परिवारों को सक्रिय पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है।पीएनजी की सुविधा मिलने पर उपभोक्ताओं को सिलेंडर खत्म होने पर दोबारा बुकिंग और डिलीवरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। खपत के आधार पर रसोई गैस का खर्च एलपीजी की तुलना में करीब 20 से 30 प्रतिशत तक कम होने की संभावना भी जताई जा रही है।

__ बक्सर शहर में भी तेज होगा विस्तार

डुमरांव के बाद जिला मुख्यालय बक्सर में भी गैस नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। जासो रोड, पांडेयपट्टी और मठिया मोड़ के आसपास पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। प्रतापसागर से बक्सर तक ट्रांसमिशन लाइन बिछाने में एनओसी और सड़क क्रॉसिंग की अनुमति के कारण पहले विलंब हुआ था। प्रशासन के अनुसार, संबंधित विभागों की स्वीकृति मिलने के बाद बाधाएं दूर की गई हैं। आगामी दो वर्षों में बक्सर और डुमरांव के 25 हजार परिवारों को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

__ सुरक्षा और नियमों पर भी रहेगी नजर

गैस आपूर्ति वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए बाइक सवार अग्निशमन टीम की गश्त और तकनीकी टीम की निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि रिसाव या तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके। वहीं, पीएनजी कनेक्शन चालू होने के बाद एलपीजी कनेक्शन को लेकर लागू सरकारी नियमों का पालन भी उपभोक्ताओं को करना होगा। स्थानांतरण या किराये के मकान से जुड़े मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रांसफर वाउचर की व्यवस्था उपलब्ध है।उद्घाटन कार्यक्रम में एसडीएम राजीव कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे, सीओ बृजेश कुमार द्विवेदी, इंडियन ऑयल के जीए इंचार्ज अंकित कुमार, मैनेजर नीरज कुमार सहित विकास कुमार, नीतीश कुमार, साजेद कुमार, वार्ड 18 की पार्षद अनु देवी, पार्षद प्रतिनिधि रितेश कुमार सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।