कई महीनों से भूमि मापी को लेकर परेशान परिवादी को मिला त्वरित न्याय

कई महीनों से अपनी भूमि की मापी कराने के लिए परेशान चल रहे केसठ निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता को आखिरकार लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से राहत मिल गई। परिवादी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उनकी भूमि की मापी करा दी।

कई महीनों से भूमि मापी को लेकर परेशान परिवादी को मिला त्वरित न्याय

__ लोक शिकायत में आवेदन के बाद हरकत में आया प्रशासन, केसठ में कराई गई भूमि की मापी

केटी न्यूज/डुमरांव।

कई महीनों से अपनी भूमि की मापी कराने के लिए परेशान चल रहे केसठ निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता को आखिरकार लोक शिकायत निवारण व्यवस्था के माध्यम से राहत मिल गई। परिवादी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने उनकी भूमि की मापी करा दी। कार्रवाई पूरी होने के बाद परिवादी ने लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी और लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015 के प्रति आभार जताया।अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, डुमरांव से प्राप्त जानकारी के अनुसार केसठ प्रखंड के वार्ड संख्या 15 निवासी प्रदीप कुमार गुप्ता, पिता स्व. यदूनाथ प्रसाद गुप्ता ने अपनी भूमि की मापी कराने को लेकर 16 मई को परिवाद दायर किया था। परिवाद पत्र के अवलोकन के बाद लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक प्राधिकार के रूप में अंचल अधिकारी, केसठ को नोटिस जारी किया और शीघ्र परिवाद का निवारण करने का निर्देश दिया।

निर्देश प्राप्त होने के बाद अंचल प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। भूमि की मापी के लिए मापी वाद संख्या 44/25-26 दर्ज किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत 25 मई को संबंधित भूमि की मापी का कार्य पूरा करा दिया गया।मापी की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिवादी ने राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि भूमि की मापी के लिए वे लंबे समय से परेशान थे और कई स्तरों पर प्रयास कर रहे थे। लोक शिकायत के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान होने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।इस मामले में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई को लोक शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। इससे आम लोगों में भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लोक शिकायत निवारण प्रणाली के प्रति भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।