लाइसेंस बिना पूजा-पंडाल तो जुलूस भी नहीं, डीजे पर भी पूरी तरह रोक
दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने या नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन इस बार सख्ती के मूड में है। पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापित करने से लेकर विसर्जन तक निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। बिना लाइसेंस प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं होगी और जुलूस निकालने के लिए भी अलग से लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है।

__ शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने तय की पर्व की गाइडलाइन, 21 अक्टूबर की शाम छह बजे तक करना होगा प्रतिमाओं का विसर्जन
केटी न्यूज/बक्सर।
दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने या नियमों की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन इस बार सख्ती के मूड में है। पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापित करने से लेकर विसर्जन तक निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। बिना लाइसेंस प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति नहीं होगी और जुलूस निकालने के लिए भी अलग से लाइसेंस लेना अनिवार्य किया गया है। गुरुवार को मुफस्सिल थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने पूजा समितियों को पर्व से जुड़े तमाम दिशा-निर्देशों से अवगत कराया।थाना प्रभारी शंभू भगत ने स्पष्ट किया कि पूजा समितियों को प्रतिमा स्थापना और जुलूस के लिए थाना परिसर में आवेदन देकर लाइसेंस लेना होगा।

रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। वहीं, दुर्गापूजा के दौरान डीजे बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। लाउडस्पीकर पर भी केवल भक्ति गीत ही बजाने की हिदायत दी गई है।बैठक में पंडालों की सुरक्षा को लेकर भी समितियों को जिम्मेदारी तय की गई। पंडाल के आसपास पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी कैमरे तथा आग से बचाव के जरूरी इंतजाम रखने का निर्देश दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने वाली समितियों को इसके लिए भी प्रशासन से अलग अनुमति लेनी होगी।सीओ विजय प्रकाश ने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी।

अश्लील गीतों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।शराब और शराबियों पर भी नजर रखने की बात कही गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी प्रतिमाओं का विसर्जन हर हाल में 21 अक्टूबर की शाम छह बजे तक पूरा करना होगा।बैठक में चौसा नगर पंचायत की चेयरमैन किरण देवी, बीडीओ मनोज पासवान समेत पूजा समितियों के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय कर पर्व मनाने की अपील की।

